हैदराबाद/ हैदराबाद में महिला डॉक्टर से दरिंदगी के मामले को अभी 48 घंटे भी नही खत्म हुए है और न ही महिला डाॅक्टर की चिता की आग ठंडी हुई कि एक ऐसा ही मामला फिर सामने आया है। जिस जगह पर महिला डॉक्टर के साथ गैंगरेप होने के बाद उन्हें जिंदा जलाया गया था वहीं से एक और महिला का जला हुआ शव मिला है। दूसरा शव मिलने के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। एक और जली हुई लाश मिलने के बारे में साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनर बताया, 'शमशाबाद के बाहरी इलाके में शव मिला है। शव को सरकारी अस्पताल में अटॉप्सी के लिए भेजा गया है और मामला दर्ज किया जा रहा है।'पुलिस के अनुसार महिला की उम्र 35 साल के तकरीबन बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। विदित है कि हैदराबाद के सरकारी अस्पताल में सहायक महिला पशुचिकित्सक जब बुधवार की रात हैदराबाद में अपने घर लौट रही थीं तभी कुछ लोगों ने उन्हें कथित रूप से अगवा कर लिया। गुरुवार को उनका शव जली हुई अवस्था में मिला। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने महिला डॉक्टर के खिलाफ साजिश रचकर उसका गैंगरेप किया और फिर महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और केरोसीन छिड़कर आग लगा दी।